Friday, September 21, 2012

' किसकी आज़ादी ??'


       

      आज़ादी का दिन है आया
      फिर झंडा फहराएंगे
      विद्यालयों में ड्रम की ताल पर
      जन-गण-मन-गण गाएंगे !
      पर किसकी आज़ादी है ये
      यही समझ न पाएंगे
      बूढ़े एक रिवाज़ की भांति
      इसे  मनाते  जायेंगे !!
      आज़ादी की परिभाषा
      उस ललना से पूछो तो
      जिसके रक्तपान पर तुम
      अंकुरण से अब तक जीवित हो !
      अंतर केवल यही रहा
      शैशव में रक्त था स्नेह भरा
      पर वही शिशु जब पुरुष बना
      स्वार्थ में, मद में चूर हुआ !
      भूल गया वह नारी थी,
      जिसने उसका पोषण किया
      उसीका पत्नी, पुत्री रूप में
      यथाशक्ति शोषण किया !!
      तन पर, मन पर , जीवन पर
      चुन-चुन कर उसने वार किये
      वह मूक, मौन सहती रही
      जीवन-क्षण उस पर वार दिए !!
      कभी बिकी बाज़ारों में
      कभी चिनी दीवारों में
      मोहरा बनी रही , जब आई
      सत्ता के गलियारों में !!
      उस पर ही कानून बनाये
      धर्म  के ठेकेदारों ने
      ज़ुल्मों के कहर भी ढाए, तो देखो
      उसीके पहरेदारों ने !!
      क्या अब भी ये कहते हो,
      आज़ादी का दिन आया ?
       नहीं , तब  तक नहीं
       जब तक है उस पर काला साया !!
       कुछ बदला है, कुछ बदलेंगे
       हालातों का सरमाया
       तभी कहेंगे सच्चे दिल से
      "आज़ादी का दिन आया !!"
        14/8/12
    
    
   
    
    

Friday, September 14, 2012

हिंदी


   

  हिंदी हमारा गौरव है , हिंदी हमारी शान है
  हिंदी हमारी परिचायक, हिंदी ही पहचान है !
  यही हमारी मात्रभाषा , यही हमारी राष्ट्रभाषा
  इसका और प्रचार करें हम, यही हमारी अभिलाषा
  हिंदी की आधारशिला पे खड़ा ये हिदुस्तान है
  हिंदी हमारा गौरव है , हिंदी हमारी शान है !!
            लेखकों की रचनाएँ, महाकवियों की कविताएँ
           हिंदी में अनुवादित होकर ज्ञान का अमृत बरसाएँ
           हिंदी के कारण ही बने सब वेद और ग्रन्थ महान हैं
            हिंदी हमारा गौरव है , हिंदी हमारी शान है!!
  देश के कोने-कोने को एक सूत्र में जो जोड़े
  उस हिंदी की महिमा में स्तुति शब्द भी हैं थोड़े
  मानव की देन न मानो, यह शारदा का वरदान है
  हिंदी हमारा गौरव है , हिंदी हमारी शान है !! 
           मानस-मन आलोकित करती, ज्ञान का भंडार है
           सरस्वती के उपासकों को विद्या का उपहार है
          विद्या के इस ज्ञान पुंज पर हम सबको अभिमान है
          हिंदी हमारा गौरव है , हिंदी हमारी शान है !!
           sep. 1992